नागरिकता संशोधन कानून

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर कांग्रेस नेता राहुल और प्रियंका गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने सीएए को नोटबंदी का दूसरा चरण बताया। उन्होंने कहा कि इसके लिए सिर्फ गरीबों को लाइन में लगाया जाएगा। इसके बाद राहुल ने गुवाहाटी की रैली में कहा कि भाजपा असम में नफरत फैला रही है। प्रदर्शन करने वाले युवाओं को मारा जा रहा है। असम को यहीं के लोग चलाएंगे, नागपुर के आरएसएस वाले नहीं चलाएंगे। हम पूर्वोत्तर में सीएए लागू नहीं होने देंगे।



  • राहुल ने कहा, “मैंने चुनाव के वक्त कहा था कि अगर असम में भाजपा सरकार बनाती है, तो यहां की शांति, प्रगति, भाईचारा खत्म हो जाएगा और असम में फिर हिंसा होगी। ये सच साबित हुआ। भाजपा जहां भी जाती है, वहां नफरत फैलाती है। असम में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी प्रकार अन्य राज्यों में भी ऐसे प्रदर्शन हो रहे हैं। गोली मारने की, जान लेने की क्या जरूरत है? भाजपा युवाओं की, माताओं-बहनों की, जनता की आवाज से डरती है। वो इस आवाज को कुचलना चाहती है। हम भाजपा और संघ को असम के इतिहास, भाषा और संस्कृति पर आक्रमण नहीं करने देंगे। असम को नागपुर नहीं चलाएगा, असम को आरएसएस वाले नहीं चलाएंगे, बल्कि इसे असम की जनता चलाएगी।”

  • “असम ने मुझे भाईचारे, एक-दूसरे की इज्जत के बारे में, सबको साथ लेकर चलने के बारे में सिखाया। मैं अपने भाषणों में वही बोलता हूं, जो आपने मुझे सिखाया। असम की शक्ति आपसी भाईचारा, एकता और प्यार है। क्रोध, नफरत और गुस्से से असम आगे नहीं बढ़ सकता। आपको एक होना पड़ेगा। भाजपा के नेताओं को बताना होगा कि वो आपकी संस्कृति, इतिहास पर आक्रमण नहीं कर सकते। हम सीएए को लागू नहीं होने देंगे।”


देशभक्ति के नाम पर लोगों को डराया जा रहा, लेकिन आवाज बुलंद रखेंगे: प्रियंका



  • प्रियंका ने कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस पर लखनऊ के पार्टी मुख्यालय में कहा कि सीएए और एनआरसी के विरोध में दूसरी पार्टियां खुलकर नहीं बोल रहीं, वे सरकार से डर रही हैं। देशभक्ति के नाम पर लोगों को डराया जा रहा है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। अकेले भी रहेंगे तब भी आवाज बुलंद करेंगे। जो देशभर में एनआरसी की चर्चा फैलाते हैं, आज कहते हैं कि इस पर कोई चर्चा ही नहीं हुई थी। ये देश आपको (सरकार) पहचान रहा है, आपकी कायरता को पहचान रहा है और आपके झूठों से ऊब चुका है।

  • प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें किसानों की आवाज को उठानी होगी। हमें अहिंसा की दिशा में आगे बढ़ना होगा। हमें संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। गांव-गांव और कस्बों में जाकर लोगों की समस्याएं सुननी होंगी और उन्हें हर संभव मदद देनी होगी। यूपी में अगला विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने के लिए हमें तैयार रहना चाहिए।


  • कार्यक्रम में प्रियंका गांधी की सुरक्षा भंग हो गई। दरअसल, दर्शक दीर्घा से एक कार्यकर्ता दौड़कर प्रियंका के पास पहुंचा। हालांकि, बाद में उसे सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया, लेकिन प्रियंका ने उन्हें मना करते हुए कार्यकर्ता से बात की।




मोदी के वीडियो में ही डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें: राहुल
इससे पहले राहुल ने एक वीडियो ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने असम में बने डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें पोस्ट की थीं। भाजपा की तरफ से उन्हें झूठा बताने पर राहुल गांधी ने कहा- मैंने एक वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें नरेंद्र मोदी कह रहे थे कि देश में कोई डिटेंशन सेंटर नहीं है। इसी वीडियो में आप डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें देख सकते हैं। अब तय कीजिए कि झूठ कौन बोल रहा है।


सोनिया ने पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया
पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सोनिया गांधी ने दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया। इस मौके पर राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केसी वेणुगोपाल, अंबिका सोनी, एके एंटनी समेत अन्य नेता मौजूद थे।